Showing posts with label निवाई डायरी बनस्थलीडायरी. Show all posts
Showing posts with label निवाई डायरी बनस्थलीडायरी. Show all posts

Friday, 9 June 2017

बैंक में अपनी खातेदारी : स्मृतियों के चलचित्र 

बैंक में अपनी खातेदारी  : स्मृतियों के चलचित्र 

बनस्थली डायरी

________________  



सन दो हजार चार में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बनस्थली में पांव पसार रहा था . इस बैंक के वहां आने और बैंक को वहां लाने का फैसला तो प्रबंध का था उस बाबत न मुझे कुछ मालूम और न मुझे कुछ कहना . नतीजे में हो ये रहा था कि विद्यामंदिर में बैठकर बैंक वाले अधिकाधिक कर्मचारियों के खाते खोल डालने पर उतारू थे . तस्वीर भी वो ही उतार लेंगे , किसी आई डी की भी मांग नहीं करेंगे और तो और जीरो बैलेंस पर भी खाता खोल देंगे , डेबिट कार्ड भी बनवा देंगे . और जाने क्या क्या ?..

मैं भी आगया इस लपेटे में पर मेरी उस क्षण स्थिति ये थी कि जेब में फूटी कौड़ी नहीं थी और मेरे लिए ये अपने उसूल के खिलाफ था कि बिना कोई नकदी दिए खाता खुलवाऊं , आखिर जिस दिन मैं अठारह साल का हुआ उस दिन काकाजी मुझे बैंक ले गए थे , पांच रूपए नकद की पे इन स्लिप भर कर मेरा खाता खुलवाया था और उसी दिन हाथ के हाथ तीन सौ रुपये और जमा करवाए थे . बैंक ने तत्काल पासबुक और चैक बुक जारी कर दी थी , ये बात थी जयपुर की जिसे तो मैं अपने बचपन की यादों से जोड़ता हूं . उसी दिन मेरे दोनों भाइयों के भी खाते खुलवाए गए थे उसकी बात तो वो दोनों ही बताएंगे मैं तो अपनी बताऊं वो बैंक वाले मुझे कहते हैं कि के वाई सी कंप्लाइंट नहीं है और या तो के वाई सी लाओ या बंद करो ये खाता . ये शहर का सबसे पुराना वो बैंक है जिसकी सबसे ज्यादा शिकायतें बैंकिंग लोकपाल के पास आती हैं . खैर वो तो मैं अलग से निबटूंगा किसी रोज अभी तो चलें वापस बनस्थली .


विद्यामंदिर - लेखानुभाग ( अप्रेल 2004 .)

____________________________ इस मामले में मैं अपने को भाग्यशाली ही मानता हूं कि जब भी मुझे लगा कि मदद चाहिए तो कहीं न कहीं से , किसी न किसी से तुरंत मदद मिली .

उस दिन भी यही हुआ अपनी प्रतिष्ठा को , उसूल को बनाए रखने के लिए तब के डिप्टी रजिस्ट्रार द्विवेदी जी से उचंत में लिए रूपए /₹500 और खाता खुलवा डाला जो खातेदारी आज भी जारी है . खैर अनुभव अच्छा ही रहा . बचपन के पांच रूपए की उस दिन के पांच सौ से बराबरी उसी दिन देखी मैंने .


स्टेट बैंक की निवाई शाखा में .

____________________

कुछ दिनों बाद बैंक की शाखा में बेटे के साथ पहुंचा और कैशियर के कैबिन के सामने कोई इन्कम टैक्स चालान की रकम जमा करवाने को मैं खड़ा ही हुआ था कि कुछ ऐसा हुआ जिसका अर्थ मैं न समझ पाया . कैशियर के रूप में बैठा अनजान व्यक्ति सीट से उठ खडा हुआ और मुझसे बोला :


" आपने क्यों तकलीफ की , भैया को ही भेज दिया होता . इतनी गर्मी में

..."

खैर मामला मेरा था इसलिए गया था मैं तो , फटफटिया चलाने के चक्कर में ले गया था बेटे को तो , तो हो गई वो बात .


जयपुर की बस में बनस्थली मोड़ पर :

_________________________एक दिन बनस्थली मोड़ पर निवाई से आ रही जयपुर जाने वाली बस में मैं चढ़ा तो बस भरी हुई थी पर मुझे बस में चढ़ आया देखकर एक व्यक्ति अपनी अच्छी भली सीट छोड़कर उठ खड़ा हुआ और मुझे बैठाकर ही माना . आश्चर्य कि ये वही व्यक्ति था जो कैशियर कैबिन में उस दिन अपनी सीट से उठ खड़ा हुआ था !


तीसरी बार आमना सामना :

__________________एक दिन शाम के बखत विद्यामंदिर में बैंक वालों ने फिर से कैम्प लगाया ग्राहक सेवा के निमित्त और मेरा वहां जाना हुआ डेबिट कार्ड में अशुद्ध छपे मेरे नाम को सुधरवाने बाबत बात करने को . उस दिन महिमा को घर से बुलाया मैंने फोन करके और मेरे लिए गर्व की बात थी कि उसने ₹5000/ की रकम देकर खाता खुलवाया जो उसके लिए नक्कछू रकम थी उसे नकद वेतन मिलने लगा था .

उस कैम्प में ख़ास बात ये थी कि कैशियर के रूप में वही व्यक्ति बैठ हुआ था जिससे दो बार आमना सामना हो चुका था और मैं उसे जानता न था .

पूछा मैंने : "कौन है ये व्यक्ति ?"

उत्तर मिला :" ये हनुमान है साब ."~


इस व्यक्ति द्वारा किए गए दो बार के व्यवहार से मेरी उत्सुकता चूंकि इतनी बढ़ गई थी इस लिए मैं उठकर उसके पास गया और नाम से संबोधित कर पूछा:

" हनुमान जी , पहली बार बैंक में आप अपनी सीट छोड़ कर उठ खड़े हुए थे , दूसरी बार बस में मुझे सीट पर बैठाने को उठ खड़े हुए और आज आप ने पांच हजार की रकम बिना गिने रसीद दे दी जबकि अपना तो कोई पूर्व परिचय भी नहीं रहा , ऐसा कैसे .? "

हनुमान जी ने एक अति संक्षिप्त वक्तव्य देकर मेरे सवाल को ही लगभग खारिज कर दिया .

" आप मेरे लिए पिता समान हैं इसलिए ."

 आज की दुनियां में आदर पाकर भी लोग शंकालु हो जाते हैं , मेरे लिए तो वहां शंका करने की कोई वजह नहीं थी .


साक्षात हनुमान जी की मधुर स्मृति के साथ ,

विलंबित प्रातःकालीन सभा स्थगित 


सुमन्त  पंड़्या 

गुलमोहर कैम्प, जयपुर .

4 जून 2015 .

--------------------

बैंक खातेदारी विषयक एक और चर्चित संस्मरण आज अपने ब्लॉग पर प्रकाशित कर रहा हूं । इसका लिंक भी फ़ेसबुक पर देऊंगा ।

जयपुर 

शुक्रवार ९ जून २०१७ ।

-------------------------


Friday, 21 April 2017

निवाई डायरी भाग दो : छोटे शहर के अच्छे लोग 😎

निवाई डायरी -- भाग दो ।

#स्मृतियोंकेचलचित्र #निवाईडायरी #बनस्थलीडायरी


कल की पोस्ट में निवाई की बात क्या छेड़ी हम दोनों निवाई बनस्थली हलके की यादों में खो गए । भाई यादवेन्द्र की टिप्पणी ने कल की पोस्ट पर सुन्दर उपसंहार लिख दिया । 

विमल जी और निवाई के उस घर का सुन्दर परिवेश याद आता रहा ।

कैसे अच्छे लोग थे वहां । कित्ती बातें हैं बताने लायक , आज थोड़ी सी और सही ।

कल जीवन संगिनी ने एक कौतुक प्रश्न पूछ लिया मुझसे के अपण नए जमाने के लोग हैं या के पुराने जमाने के और आप सच्ची जाणो मैंने भी मान लिया के अपण तो पुराने जमाने के ही हैं ।

क्यों ?

क्योंकि अपण एक दूसरे को नाम लेकर कब बुलाते हैं ?

मैं इनको अक्सर परमेसरी ( my Godess ) कहकर बुलाता और तब परमेश्वरी मेरी क्लास में पढ़ती थी जो उसकी सहेलियां समझती के उसका ज़िक्र है । ये तो ऐसे ही बनस्थली की बात याद आ गई जो यहां बता दी है ।

बात तो निवाई की चल रही है । वहां तो बराबरी की बात थी । न तो वो उनका नाम लेवें और न वो उनका । ऐसी थी बात ।

बड़े सवेरे पानी की सप्लाई आती । हम लोगों के जागने से पहले मालिक मकान हमारी रसोई में पानी भर देते । ऐसे कौन करता है बड़े शहरों में । बड़े शहरों में तो पानी के लिए गृह युद्ध होवेंगे ये आसार आगे आगे दीख रहे हैं । 

एक दिन तो हद हो गई !

हम लोग महिमा और नूनू को साथ लेकर कहीं निकल गए थे । हमें तो ख़याल भी नहीं था वो कोई जैन पर्व का दिन था । तब ले देकर महिमा के पास एक मोबाइल फोन हुआ करता था । सन्देश मिला कि विमल दम्पति चाहते हैं कि हम जल्द घर आएं । खैर साब आए हम लोग । और बात ज़रा सी थी , पर जरा सी बात ही बड़ी बात भी थी ।

क्या बात थी ?

विमल जी चाहते थे कि मंदिर जाने से पहले घर में बड़े बुजुर्ग का आशीर्वाद लेकर जाएं । उस दिन का चयनित बड़ा बुजुर्ग मैं था उनके लिए । ये पांव छुआना चाहे मुझे कितना भी अटपटा लगता हो उस दिन तो ये भूमिका स्वीकार की मैंने ।

विमल जी ने मेरे पांव छूए और बड़ा जैन मंदिर के लिए रवाना हो गए । ये दृष्य आज भी मुझे याद है ।

ये गाथा तो लंबी चल सकती है पर समय की सीमा है । आज निवाई डायरी को यहीं स्थगित करता हूं ।

अब जीवन संगिनी का मन रखने को एक बात ऐसे कह देता हूं :

अपण नए जमाने के पुराणे लोग हैं ।


@ डूंगरपुर भोर की सभा स्थगित …..

   शनिवार २२ अप्रेल २०१७ .


निवाई डायरी : छोटे शहर के अच्छे लोग 😀


#स्मृतियोंकेचलचित्र #निवाईडायरी #बनस्थलीडायरी


आज एक छोटी सी बात बताऊं आपको जो पिछले दशक की यादों से जुड़ी हुई है । यह बनस्थली - निवाई हलके की बात है ।


ये उन दिनों की बात है है जब बनस्थली में मेरा सेवा काल समाप्त हो चुका था और हम लोग गुलमोहर , जयपुर में आ बसे थे । महिमा की नियुक्ति हमारे बनस्थली में रहते ही निवाई के सरकारी सीनियर सेकेण्डरी स्कूल में हो चुकी थी । जब तक हम लोग वहां थे महिमा बनस्थली से ही निवाई जा आया करती थी । बाद में अगले बरस एक समय ऐसा भी आया जब अल्प अवधि के लिए हम निवाई जा रहे । उस दौर की कई एक यादें हैं जो बताने लायक हैं । उन यादों पर बहुत कुछ कहा जा सकता है , पर आज समय कम है तो थोड़ा ही क़हूंगा और एक प्यारे दोस्त की बहुत ही रोमांटिक बात पर इस चर्चा का समापन करूंग़ा ।


बीच की अवधि की बात :

------------------ ये बताए बिना पूरी बात साफ़ न होगी अतः कुछ पूरक सूचनाएँ यहां जोड़ रहा हूं । जब हम लोग मय सामान जयपुर चले गए तो इधर आकर फिर रहने की कोई बात तो नहीं थी पर साब कुछ स्थान आपको वापस बुलाते ही हैं , निवाई उनमें से ही एक है उस क़स्बे से आज भी कम से कम मुझे तो बहुत लगाव है ।

इधर महिमा का विवाह हो चुका था । Anuj Bhatt अनुज मानेसर में काम करते थे और गुड़गाँव में रहते थे । थोड़े समय बाद नूनू जी भी आ गए और उन्हें साथ लेकर नौकरी का तालमेल बैठाने के कई एक प्रयोग हुए । इसी दौर की बात है कि महिमा ने निवाई बस स्टैंड के पास ही बस्ती में एक कमरा किराए ले लिया । बा हैसियत नूनू के नाना नानी हम दोनों भी निवाई जा रहे । आज की पोस्ट में उसी दौर की कुछ छोटी छोटी बातें हैं और एक है ख़ास बात ।


बात १.

सब कोई हमें बनस्थली वाला ही समझते थे । कौन माने कि हम तो निवाई वाले बन गए थे , चाहे थोड़े ही समय के लिए सही । अनजान लोग हमें कह जाते आप की बस आ गई , बस स्टैंड पर खड़ी है , जल्दी पहुँचो ।

निवाई में हम बहुतों को जानते थे , आख़िर बनस्थली में लम्बे रहवास का ये तो नतीजा होना ही था । पर इस अल्प अवधि में ये भी पता चला कि जिन्हें हम नहीं जानते थे वो भी हमें जानते थे । ये सब जानकर कित्ता अच्छा लगता है ये समझा पाना मुश्किल है ।


बात २

नूनू उस मोहल्ले में पहुँचकर सब का प्यारा बन गया था । बग़ल के घर से बच्चियाँ उसके साथ खेलने आ जातीं । मालिक मकान घर लौटने के बाद यदि कहीं बाहर निकलते तो नूनू को गोद में ले जाना ज़रूरी समझते । मकान मालकिन इसे अपने साथ ले जातीं , इसको पास बैठाकर अपना काम करती रहती । वो ही रोज़मर्रा के घर के काम काज ।

मैं नूनू को लेकर घर से निकलता कुछ तमाशा दिखाने और स्टार प्रोपर्टीज के चबूतरे पर जा बैठते हम लोग । नूनू बमुश्किल साल भर का था हम नाना दोहिता घर से निकलते , ये मेरा हाथ छुड़ाकर मेरे लिए अनजान घर में घुस जाता । वो लोग इसे पहले से जानते होते और इसके साथ मेरा भी आव आदर करते ।

मोहल्ले की ऐसी आपसदारी छोटी जगहों पर ही होती है , महानगरों में तो ऐसा कम ही देखने को मिलता है ।


बात ३ : ख़ास बात 😀


ये बात सबसे ख़ास है । निवाई में हम जिस घर में रह रहे थे उसके मालिक मकान थे विमल जैन । वैसे उस मोहल्ले में विमल जैन भी सात बताए पर अपणा तो दो से ही वास्ता था , एक ये मालिक मकान विमल जी और दूसरे वो जो बनस्थली विद्यापीठ के लेखानुभाग़ में काम करते थे , मेरे पूर्व परिचित , बाक़ी पांच से अभी अपण को क्या मतलब ।

अब इन विमल जी की , जोड़े की ख़ास बात :

पति पत्नी का एक दूसरे को हेला पाड़ने का बड़ा प्यारा तरीक़ा था । विमल जी को यदि श्रीमती को पुकारना होता तो वो आवाज़ देते सुरभि को और इसी प्रकार यदि श्रीमती को पति को पुकारना होता तो वो आवाज़ देतीं सौरभ को । प्रभु जिनेंद्र की कृपा से सौरभ और सुरभि इनके बेटा बेटी थे और दोनों ही अपनी अपनी उच्च शिक्षा के लिए घर से बाहर थे । 

पुराने लोग ए जी , ओ जी ऐसे कहकर एक दूसरे को हेला पाड़ते हैं उसका कित्ता सुंदर विकल्प बनाया था इनने हम दोनों को तो बहुत प्यारा लगा ये तरीक़ा । अब आज की पीढ़ी के छोरे छोरी तो क्या ही समझेंगे इस बात को !


उस मधुर समय और समुदाय को याद करते हुए @डूंगरपुर प्रातःक़ालीन सभा स्थगित ........


जय भोले नाथ : 🔔🔔


शुक्रवार २१ अप्रेल २०१७ .


नोट : फ़ाइल चित्र भी जोड़ूंगा ।

**********