Tuesday, 7 February 2017

बातों बातों में : न बखत का पता , न दूरी का . 😊


    बातों  बातों में  : न बखत का पता , न दूरी का .
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~ #sumantpandya
(1)
ये तब की बात है जब वसुंधरा कॉलोनी में बसावट शूरु हो रही थी . ये ही कोई  सत्तर या अस्सी के दशक की शरुआत की ही बात होगी . रघुबर भाई ने बड़ा सुन्दर नया मकान बनाया था  . बड़े मामाजी स्टेशन वाले और मामी तो पदेन वहां थे ही छुट्टनलाल जीजाजी भी वहां आए हुए थे  . सुबह का बखत था  बड़े मामाजी और छुट्टनलाल जीजाजी दोनों में आपसी सलाह हुई ,” आओ डोली आयीं ,” अर्थात चलो घूम आएं .  दोनों ही वय प्राप्त सीनियर सिटीजन  दक्षिण दिशा में टोंक रोड पर घूमने को निकल पड़े . मामाजी का वही लिबास याद आ जाता है , नींचे एक अंगोछा , उरेप का जेब वाला बनियान और कंधे पर एक लाल गमछा , इससे मिलता जुलता ही लिबास छुट्टन लाल जीजाजी का . पैरों में पगरखी याने देशी जूती .
दोनों बात करते करते चलते  रहे , बातें चलती रहीं और घर से दूरी बढ़ती रही . बातों बातों में दोनों में से किसी एक को भी ये ख़याल नहीं था कि घर लौटकर भी जाना है और उसके लिए अपनी सामर्थ्य  बचाकर भी  रखनी है .

अब कब हुआ उनका ध्यान भंग ?
----------------------------------  ध्यान भंग हुआ तब जब एक बड़ा चौराहा और बस्ती आ गई , ट्राफिक बढ़ा हुआ लगा . जब उन्होंने बातें रोक कर आजू बाजू देखा .
वो दोनों तो सांगानेर पहुंच गए थे . अब न तो उन्हें हवाई अड्डे से काम था न ही सांगानेर टाउन से , उन्हें तो जाना था लौटकर वसुंधरा कालोनी . अब लगा कि वापिस पैदल तो इतनी दूरी तय करना मुश्किल होगा  और किया दूसरा ही उपाय . सांगानेर जयपुर के बीच सिटी बस तब भी चला करती थी जिसका लाल रंग हुआ करता था .
आखिरकार बस पकड़कर घर आए .
ये सब लोग इतिहास बन गए पर मेरी तो यादों में बसे हैं .

(क्रमशः )
सुप्रभात .
मेरी लेखन प्रेरणा : Manju Pandya
सुमन्त पंड्या .
@ गुलमोहर , जयपुर .
सोमवार , 8 फरवरी 2016 .

Sunday, 5 February 2017

क्या सीखा स्कूल में ?

क्या सीखा स्कूल में  ...?

ये तब की बात है  जब पड़ोस के स्कूल में बेटे को दूसरे दर्जे में दाखिला दिलवाया था  । बच्चे तब भी पेन्सिल से लिखा करते थे  । बेटे को घर से पेन्सिल , इरेजर आदि सामान बस्ते में रखकर भेजते  । पेन्सिल स्कूल में खो जाती । मैं समझाता " बेटा , ध्यान से अपनी चीजें रखकर लाया कर ।"  उसका भोला जवाब होता :" नहीं मिली पापा ।" अगले दिन दूसरी नई पेन्सिल  देकर भेजते , नतीजा वही ,  वो भी खो जाती  । कैमलिन की एच बी  पेन्सिल छह रुपये की एक दर्जन आया करती थी । रोज पेन्सिल खो जाने का  ये सिलसिला  कुछ ऐसा चला कि एक दर्जन भर पेन्सिल  जल्दी ही बीत गई और जीवन संगिनी ने मुझे नया पैकेट लाकर रखने को कहा । मैंने  कहा  :" वो तो मैं लाकर रखूँगा ही  पर एक बार स्कूल में भी बात कर  के आता हूं ।"  मैंने प्रिंसीपल  साहबा से मिलना  मुनासिब समझा  ताकि वे क्लास टीचर से मिलकर  या कहकर कोई उपाय करें  ताकि क्लास से चीजें पार होना बंद हों ।

सरोज माला माथुर , हां यही नाम था उनका भली महिला थीं  प्रिंसिपल साहबा , उन्होंने मेरी बात अच्छे से सुनी  और चलते चलाते  ये टिप्पणी  भी कर दी ,
,"  आपका बच्चा भी थोड़ा लापरवाह  है । "
अब हम  तो उस जमाने के लोग हैं जो अपने बच्चे  को ' अपना ' नहीं कहते  'आपका ' कहते हैं  । पर यहां तो लापरवाही के अवगुण  की बात थी सो मेरा ही हुआ । अच्छा है तो आपका है और लापरवाह है तो मेरा ही हुआ , और वो बात तो  तब की क्या आज भी सही है । है तो है !

पर मैंने तब एक बात कही थी जो आज तक याद है  :
"  मेरा तो लापरवाह ही ठीक है , इसका चीजें खो देना मैं गवारा कर लूंगा , मुझे तकलीफ तो उस दिन होगी जब  ये दूसरे बच्चों की चीजें उठाकर लाएगा । आखिर बच्चे स्कूल में क्या सीखते हैं  । "

सहयोग : Manju Pandya

सुप्रभात .

सुमन्त
गुलमोहर , बापू नगर , जयपुर .
6 फरवरी 2015 .
#लापरवाह

Saturday, 4 February 2017

हकीम लुकमान के नुमाइंदे 🔔🔔

  हकीम लुकमान के नुमाइंदे :

जनता स्टोर परिसर  के चौक में मैं अच्छा भला चला जा रहा था कि एक नौजवान रुककर पीछे  मुड़कर देखता है और  अजब तदनुभूति   से मुझसे पूछता है :
   "  आपके पैर में तकलीफ  है अंकल ? "
  मैं   उसमें  छिपे हकीम लुकमान को पहचान जाता हूं  , सतर्क हो जाता हूं और  एक ऐसा उत्तर  देता हूं  जिसके बाद उसके पास  बात आगे चलाने को कुछ आधार बचता नहीं है  :

    " नहीं बेटा  मेरे पैर में कोई तकलीफ नहीं है  ,  तुम को कोई वहम हुआ है ."

उसे मेरी कही बात पर भरोसा तो नहीं होता पर कुछ झींकता सा वह चला जाता है . जब मैं कोई तकलीफ मान ही नहीं रहा तो वह क्या बात आगे करे मुझसे  . ये बात ऐसे क्यों हुई इसकी भी एक पृष्टभूमि है .
बड़ा अजीब लगता है न कोई तो आपकी सेहत के बारे में  इतना  तशवीश जाहिर  करे और आप ऐसा  बेरुखा   सा जवाब दें . वजह है  पिछले दिनों का अनुभव  न तो मैं इतना बेरुखा तो नहीं हूं , मैं  तो अरस्तू का सामाजिक प्राणी हूं , राह चलतों से अटकता हूं  , छोटी ऊमर वालों से तो और ज्यादा .

सन्दर्भ और पृष्टभूमि  :    एक दो थैले लटकाए मैं  जनता स्टोर सर्किल से  बढ़ते ही ठेलों के  पास से गुजर ही रहा था कि एक मोटर सायकल पर सवार दो युवकों में अचानक आत्मीयता जागी  , दोनों  ठहरकर मेरी  सांतां  पूछने लगे . " आपके पैर में तकलीफ रहती है   अंकल.. ...? " मैंने 'हां ' क्या कह दिया  बस लंबी बात चल पड़ी  जो एक चमत्कार  की दिशा में ले जाने वाली थी  . ' किसी का भला हो जाए इसलिए '  ' हमारी अम्मा को उन्होंने ठीक कर दिया '  ' वो कोई दवा नहीं देते  बस यूं मुंह से चूंस कर ठीक कर देते हैं  घुटने का दर्द. '  ये सब बातें कर उन्होंने  किसी " नामी " हक़ीम से मुझे  मिलवाना चाहा . " अरे तेरे  पास कार्ड  है क्या ?"   एक पूछता है  , दूसराबड़ा  अहसान करता है और अपने पास से कार्ड निकालकर देता है  और बदले में मेरा टेलीफोन नंबर भी मांगता है . लुब्बो लुबाब यह कि कार्ड में पता  मुम्बई का है  , जयपुर में भी कोई केंद्र है और होते हवाते बात यहां तक  आ पहुंचती है कि आज तो वो यहीं आये हुए हैं  , पड़ोस के  पैट्रोल पम्प के पास वाली गली में ठहरे हैं , मुझे भी समय मिल सकता है .

मैं थैलों से लदा हूं , घर  पहुंच कर सामान कंधे से उतारना चाहता हूं  और ये दोनों लड़के मोटर सायकल  पर दोनों ओर पांव टिकाए बैठे बात ही किये जा रहे हैं  , मेरा ही तो कल्याण करने जा रहे हैं . किसी तरह बात पूरी कर फिर घर की ओर बढ़ता हूं  , उनसे कहता हूं कि मैं कर  लूंगा संपर्क  , मेरा कष्ट है मैं  ही निबट लूंगा . वे दोनों अपनी दिशा में जाते हैं  मैं  अपनी दिशा में अपने  घर की ओर लेकिन ये कहानी अब भी बाकी है . वैसे ही दो लडके मेरे घर के बाहर फिर मिलते  हैं , उन्हें मैं नवाजूंगा अपने प्रिय शब्द " डुप्लीकेट "  से  , उसी अंदाज में   बात शुरू करते हैं . मैं चाहता हूं  घर में घुसूं , सामान रखकर मुक्त होवूं  . ये लड़के   बात का सिलसिला बढ़ाना चाहते हैं , इस सब को  स्थगित करने की मंशा से मैं पिछली दुकड़ी का दिया कार्ड दिखा कर  मुक्त होना  चाहता हूं  , तब ये लडके  " वो भी हमारे ही भाई है , कार्ड पुराना है , टेलीफोन नंबर बदल गया " आदि बातें कहकर एक नया कार्ड थमाते हैं और पहले वाला कार्ड रख लेना चाहते हैं . मेरा टेलीफोन  नंबर मांगते हैं , मानो टेलीफोन से ही लुकमान की नेमत मुझपर बरसेगी .
घर  अहाते में भाई खड़ा है  ,
        मैं    घर के बाहर खड़ा हूं , उसे मामले का पता नहीं पर वो भी    देख रहा है . बहर हाल मैं दोनों  ही दुकड़ियों के दिए कार्ड जेब में रखकर घर में घुसता हूं . हां यह भी तो बताऊं कि आखिर में मुझे यह भी कहना पड़ा कि अब इससे ज्यादा बात करने की मुझे फुरसत नहीं है . मैं किसी  तरह भाई की पनाह में आ गया तो लगा कि हकीम लुकमान के नुमाइन्दों से जान छूटी .

दोनों कार्डों के मिलान से  स्पष्ट हुआ कि एक से ज्यादा  चमत्कारी इलॉजी सक्रिय हैं  , आस पड़ोस में उनका पड़ाव है , जन  कल्याण की भावना से ओतप्रोत उनके प्रतिनिधि  यहां वहां घूमते  रहते हैं . इससे मिलती जुलती बात भाई ने भी  बताई और जीवन संगिनी ने भी  पर मैं उसे दोहराऊंगा नहीं .  मैंने तो जितनी बताई आप बीती ही बताई  है  . प्राइवेट कॉफी ,चाय आदि में देर हो गई अतः पोस्ट बनाने में समय लगा.
आज के लिए इति .

सहानुभूति और समर्थन : Manju Pandya

सुप्रभात !

सुमन्त
गुलमोहर , बापू नगर , जयपुर .
   5  फरवरी 2015 .
#हकीमलुकमान

Friday, 3 February 2017

बात का बहाना : बनस्थलीडायरी

      बात का बहाना : बनस्थली डायरी ✍🏼🔔🔔 -------------- ---------------        हम लोगों में एक कहावत है , “म्हारा गणेश जी अने दूंदी बाई नै केम जई टूट्या ? “ ये एक व्रत कथा की परिणति से बनी कहावत है , आज बात उसी कहानी से शुरु करता हूं .

व्रत कथा : --------  कथा इतनी सी है कि दूंदी बाई नाम की एक घरेलू सेविका घर में आते जाते दरवाजे पर गणेश जी को जल चढ़ाती , ध्याती , मनाती और घर में काम भी कर आती . समय की गति कुछ ऐसी हुई कि इस सेविका पर  गणेश जी की कृपा हो गई और उसके घर में धन धान्य हो गए  . गृह स्वामिनी ने जब सेविका से पूछा तो उसने इस वैभव के आने का कारण भी बता दिया जो था ‘ गणेश जी की कृपा .’ इस परिणति के कारण गृह स्वामिनी को जो कष्ट हुआ वही कहावत है : “  म्हारा गणेश जी दूंदी बाई नै केम जैई टूट्या ?” माने जो हमारे अधिकार  क्षेत्र में है वो किसी और पर कृपालु क्यों होवे ? बस इत्ती सी बात है . ये कथा तो कहावत बरतने को कही है अब एक पुरानी बात .

बनस्थली में पहला साल : ------------------------    पहले साल में मैं फर्स्ट ईयर की क्लास भी पढ़ाता था उसका एक छोटा सा प्रसंग बताता हूं . एक लड़की क्लास के बाद मुझे रोककर कहने लगी कि उसने सब्जेक्ट बदल लिया है और मैं रजिस्टर में उसका नाम काट देवूं . मैंने मान ली बात . पर   ये बात एक बार में पूरी नहीं हुई और उसके बाद भी एकाधिक बार ये लड़की मुझसे अलग से आकर मिली कभी नाम फिर से लिखवानें के लिए और कभी नाम फिर से कटवाने के लिए . सत्र की शुरुआत थी इस दौरान विषय चयन में रद्दोबदल हो सकता है पर उसकी भी एक प्रक्रिया होती है , कार्यालय में लिखकर देना होता है और दोनों विषयों के विभागाध्यक्ष की स्वीकृति से ही विषय बदला जा सकता है , खैर .मैं उस भोली लड़की की बात हर बार सुन लेता और ये सब क़ायदे क़ानून बताता पर ये सिलसिला जारी रहा .

एक दिन की बात : -----------------     उस दिन तो हद हो गई . दोपहर भोजनावकाश के समय मैं इतिहास के विभागाध्यक्ष विद्यार्थी जी के साथ बात करते करते पगडंडी से घर की ओर जा रहा था कि ये लड़की बीच रास्ते में फिर आकर मिली . उसने मेरी विद्यार्थी जी से चल रही बात बीच में रुकवा दी और फिर उसी प्रसंग पर बात करने लगी विद्यार्थी जी भी दो मिनिट को खड़े रह गए और सुनते रहे हमारी बात . जब बात पूरी हो गई और वो लड़की चली गई तो विद्यार्थी जी जो बोले वो महत्वपूर्ण है क्योंकि वो इस वार्तालाप के साक्षी जो थे . विद्यार्थी जी बोले : “ उसको न तो नाम कटवाना है और न लिखवाना है , उसको तो तुमसे बात करनी है ….और तुम हो कि….।!” लो कर लो बात ! इसी बात पर चस्पाँ है ये कहावत :

“ म्हारा गणेश जी अने दूँदी बाई नै केम जई टूट्या। ….? “ सुप्रभात ☀️ नमस्कार 🙏

सुमन्त पंड़्या . @ आशियाना आँगन , भिवाड़ी . शनिवार ४ फ़रवरी २०१७ . #स्मृतियोंकेचलचित्र #बनस्थलीडायरी

Thursday, 2 February 2017

ये घंटी क्या है ? ,🔔🔔

🔔  ये घंटी क्या है ? : भिवाड़ी डायरी 📙
**********
इधर जब से भिवाड़ी आए हैं हम लोग  बाज पोस्ट में , न तो कमेंट में  मैं ये घंटी की चिकसाणी  ( निशान )  बणा देता हूं जिससे मेरे लिखे की पिछाण रहवे  . आज ये ही सवाल उठाता हूं कि ‘ ये घंटी क्या है ?’

पहले एक बात
--------------     ये एक अध्यापिका की बताई बात है जब वो एक प्रशिक्षण के लिए गईं तब हवाई जहाज से यात्रा करके आईं . पहली उड़ान का उनको कैसा अनुभव हुआ वही उन्होंने अपने रोचक अंदाज में बताया था , शेष सन्दर्भ छोड़कर सीधे मुद्दे पर आते हैं :

“  जब प्लेन उड़ने लगा तो जाने कैसे कैसे हुआ ! पहले ऐसे ऐसे हुआ , फिर वैसे वैसे हुआ , जाने कैसे कैसे हुआ ! “

बस लगभग ये ही बात तो अपणे साथ है पहले ऐसे ऐसे होता है , फिर वैसे वैसे होता है , जाणे कैसे कैसे होता है और सुबह सुबह ये घंटी बज जाती है अपणे आप और नींद खुल जाती है वो भी अपणे आप .
तो मान लीजिए ये सिद्धांत :

“ सुबह की जगार का प्रतीक है  ये घंटी . 🔔🔔”

ये अपने आप ही बजती है , अंदर से बजती है और मैं सुबह उठ जाता हूं बस इत्ती सी  बात है .
फिर सुबह सुबह की एक और टेक है :
“ Good morning &  private coffee done @ आशियाना.  🔔”

ऐसे संदेसे मैं चारों ओर भेजता हूं , ये ही मेरे जन जागरण के सन्देश होते हैं . दूर दूर से जगार के संकेत और सन्देश मिलने लगते हैं . जो किसी दिन इसमें चूक जाऊं तो लोग ये सवाल करने लगते हैं  :
“ Private coffee not yet done ? “
इस प्रकार ये घंटी और कॉफी का भी निकटवर्त्ती सम्बन्ध है .
तो सुबह सुबह के ये दो काम हैं :
१. घंटी बजती है . 🔔
२.  कॉफी बणती है .🍮
और यहीं से होती है अपनी सोशल मीडिया पर उपस्थिति दर्ज .
आज यही प्रातःकालीन सभा का प्रस्थान बिंदु है ।
अभी हाल के लिए सभा स्थगित ….।
नमस्कार 🙏

☕good morning & private coffee done @आशियाना 🔔🔔

सुमन्त पंड्या .
@ आशियाना आँगन , भिवाड़ी .
शुक्रवार ३ फरवरी २०१७ .
***********

Wednesday, 1 February 2017

गणितज्ञों के सम्मेलन  में : बनस्थली डायरी 📙

   गणितज्ञों के सम्मेलन  में :  बनस्थली की बातें .  #बनस्थलीडायरी

एक दिन बनस्थली की सड़क पर चलते हुए  गणित के प्रोफ़ेसर वशिष्ट साहब मुझसे बोले: " शिव बिहारी जी तो बाहर गए हुए हैं , हमारी कांफ्रेंस होने वाली है जिसमे चुनाव होने वाले हैं, आप चुनाव करवा दोगे क्या ? " ऐसे रस्ते चलते मैं ब्रदर का #स्थानापन्न   माना जाकर निर्वाचन अधिकारी नियुक्त हो गया . वशिष्ट जी के प्रश्न में ही मेरी नियुक्ति सन्निहित थी . चूंकि मुझसे प्रश्न किया गया था अतःमुझे हां तो कहना ही था . मैंने ' हां ' कह दिया .

राजनीतिशास्त्र और चुनाव  :

: ऐसा बनस्थली के सामाजिक जीवन में माना जाता था कि चुनाव करवाने का काम  राजनीति  शास्त्र   के  लोगों के क्षेत्राधिकार में आता है . घूम फिर कर हमी लोगों में से कोई  कोऑपरेटिव सोसाइटी के भी चुनाव करवाता आया था  अतः  कोई आश्चर्य नहीं  था कि  ब्रदर के बाहर होने की स्थिति में उन्होंने  मुझ से ऐसा कहा था और राह चलते मेरी स्वीकृति ले ली . ये स्थानापन्न होने की कई एक कहानियां है जो आगे  कहूंगा पर ये तो उस दिन की बात है वही आगे  बताऊं . उन्होंने कुछ कहा मैंने हां भरी  ,बात आई गई हो गई  हो गई और कई दिन निकल गए इस बाबत कोई पत्र व्यवहार भी नहीं हुआ . मैं भी शायद उस बात को भूल गया .        गणितज्ञों का  सम्मेलन होने लगा .  उदघाटन  सत्र में मैं भी हो आया जहां सारा बनस्थली परिवार आया हुआ था  और शेष कार्य  सत्रों से दूर रहा , मेरे विषय और रूचि की वहां कोई बात न होगी ऐसा मैंने सोचा  था . आखिरकार समापन सत्र का दिन आ गया  जो पहले से ही तय था . समापन सत्र चल रहा था जिसे नई रौशनी में  " वैलेडिक्टरी सैशन "   कहा जाता था . ये सब गतिविधि ज्ञान मंदिर के सभागार में  चल रही थी जब कि मैं  44 रवीन्द्र निवास  के बाहर  अपनी सायंकालीन सभा में  मशगूल था  और  निश्चिन्त था " लैट अस कॉल इट ए डे " के मूड में   कि तभी  विद्यापीठ की अरमाडा  गाड़ी  नागालैंड राज्य भवन के बोर्ड के पास से मुड़कर मेरे घर की ओर आती दिखाई दी . पास आकर मेरे अभिन्न मित्र नीलकांत उतरे , उनके पास तो मानों मेरे लिए वाटेंट ऑफ़ अरेस्ट था  अतः बोले :" ल्यो चालो चुनाव कराणा छै ."  मुझे जाना था आखिर मेरा कमिटमेंट था . मैंने दो मिनिट की मोहलत मांगी , घर के अंदर गया शकल ठीक की खादी का कोट पहना , शायद जूते भी बदले और साथ हो लिया .

नीलकान्त मुझे सीधे ज्ञान मंदिर ले जाना चाहते थे लेकिन मैं वहां सीधे न जाकर वाणी मंदिर जाना  जाना चाहता था और मैंने वही किया . चुनाव करवाने के लिए जो लॉजिस्टिक सपोर्ट मिलना चाहिए उसके लिए मिश्रा जी को साथ ले लिया . मेरे पास आखिर और कौनसा कार्यालय और मशीनरी थी . मिश्रा जी से कहा , " मत पत्र छपवाने  पड़ेंगे , बाबू लोगों को तैयार रखो . "  मिश्रा जी ने भरोसा दिलाया और मैं निश्चिन्त हो गया .

ज्ञान मंदिर सभागार में :

            समापन सत्र के दौरान मुझे सभागार की प्रथम पंक्ति में बैठाया गया और  ज्यों ही निर्वाचन प्रक्रिया प्रारम्भ होने का समय आया मुझे एक संक्षिप्त परिचय के साथ मंच  सौंप दिया गया  . पुरोहित जी जो स्थानीय संयोजन से  जुड़े थे , ने मुझे कार्य कारिणी के पदों की सूची सौंप दी और  मैंने  मंच अधिग्रहण के तुरंत बाद  टाइम टेबल की घोषणा के साथ  नामांकन आमंत्रित करना प्रारम्भ कर दिया . उम्मीदवार प्रस्तावक समर्थक  खड़े होने लगे . नाम वापस लेने की समय सीमा समाप्त हो रही थी , एक से अधिक उम्मीदवारों के नाम आ गए थे , लगता था वोट ही डलवाने   पड़ेंगे  कि तभी एक युवा गणितज्ञ मंच के पास आये और मुझसे जो बोले वह आज तक याद है  :"  सर  थोड़ा सा समय और दीजिए  हम आपस में तय कर लेते हैं."  मुझे कहां दिक्कत थी , दिया समय . सभागार लॉबी में परिवर्तित  हो गया ,  छोटे समूहों में आपस में बात होने लगी और आशा के  अनुरूप निर्विरोध कार्यकारिणी  का चयन हो गया . सम्मेलन की फ़ाइल के लिए निर्वाचन अधिकारी के प्रमाण  पत्र की आवश्यकता थी . मेरे हाथ के लिखे एक सुपाठ्य पत्र को ही    उन्होंने   प्रमाणपत्र के रूप में स्वीकार कर लिया और इस प्रकार मेरा प्रिय #सर्वानुमति  सिद्धांत  यहां भी  कारगर रहा . परंपरा के अनुरूप पुरोहित जी नई कार्यकारिणी  के अध्यक्ष बने .  हंसी ख़ुशी के वातावरण में  सम्मेलन  समाप्त  हुआ . 

वैसे मेरी भूमिका तो निर्वाचन  परिणाम का प्रमाणपत्र देकर ही  समाप्त हो  गई थी पर  गणितज्ञों ने अब मुझे घर आने नहीं दिया . लोकल टेलेंट का बनाया चूरमा , दाल , बाटी का भोजन शाम पड़े ही तैयार था क्योकि बाहर से आये अधिकांश लोगों को जाना था .  मैंने भी विशिष्ट अतिथियों के साथ खाना खाया  और उस दिन तो वाहन योग प्रबल था अतः आयोजकों की सवारी से ही घर आया .

और बहुत सी बातें हैं पर आज के लिए इति .

सहयोग :  Manju Pandya

सुप्रभात

Good morning .

सुमन्त

गुलमोहर , शिवाड़ एरिया , बापूनगर , जयपुर . 2 फरवरी 2015 .

-----------------------------------------

नानगा द ग्रेट : जयपुर डायरी

  नानगा द ग्रेट : ग्यारहवीं कड़ी : दो पीसा को उदयपुर . #नानगादग्रेट
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
बात चलती है तो बात याद आती है  . कल एक अंतराल के बाद “ नानगा द ग्रेट “ की अगली कड़ी लिखना शुरु किया था और आप स्वजनों ने  उसे सराहा ,जो लोग नानगा को जानते रहे उनने तो सराहा ही ,जो मेरे स्टेटस से जाने उनने भी . विलक्षण था नानगा इसमें कोई संदेह नहीं .
नानगा साक्षर भी नहीं हुआ था , उसने श्रम के बल पर जीवन जिया था . उसने कठिनाई झेली थी परंतु उसका अपना एक मूल्य बोध था कहे तो जिसे आप लोग ‘ वैल्यू सिस्टम ‘ बोलते हैं . वो मूल्य बोध उसके बेटे शंकर की बातों में आज भी झलकता है .
शंकर के साथ अपनी फोटो मैंने  थोड़े दिनों अपनी फेसबुक टाइम लाइन पर कवर फोटो बनाई थी इन्हीं बातों को रेखांकित करने के लिए .
नगर सभ्यता को नानगा ठेंगे पर रखता था  और मसखरी में अव्वल नंबर था ये तो उसको जानने वाले ही जानते रहे . इस बात की और इशारा मेरे प्रिय भतीजे चक्रपाणि ने भी किया जो विट के मामले में  मेरा जोड़ीदार है ही , खैर अभी और बातें नानगा संबंधी कहता हूं .
जिन दिनों मैं नानगा बाबत पिछली पोस्ट्स लिख रहा था जीजी ने मुझे फोन कर कई बातें बताई थीं  जैसे जब जीजी उदयपुर लौट कर जाती तो सामान बांधने का काम नानगा ही करता बैडिंग बांधने में नानगा का कोई सानी नहीं था , इसे कहते हैं “ बींटा बांधना “.
अब सुनिए एक संवाद :
जीजी पूछती  ,” अरै थारै बेई कांई ल्यावां उदयपुर  सूं ? “
अर्थात उदयपुर से तेरे लिए क्या लावें .

और नानगा का जवाब होता , जैसी उस की फितरत थी :
  “ म्हारै बेई दो पीसा को उदयपुर ली आज्यो ! “
अर्थात मेरे लिए दो पैसे का उदयपुर लेते आना .

इस आप्त वाक्य के आधार पर मैं कहता हूं कि नगर सभ्यता को ठेंगे पर रखता था नानगा .

वाकई ग्रेट था नानगा , इंसान की ये वाली वैराइटी  आजकल कम ही देखने में आती है .
आज नानगा जोड़े का चित्र जोड़ता हूं यहां   सौजन्य नानगा के बेटे पोते .
नानगा , अपने बचपन और काकाजी ~ अम्मा के साथ बिताए अच्छे दिनों को याद करते हुए  प्रातःकालीन सभा स्थगित ..
सुप्रभात .
ब्रेकफास्ट विद : Manju Pandya
~~~~~
सुमन्त पंड्या .
@ गुलमोहर , शिवाड़ एरिया , बापू नगर , जयपुर .
मंगलवार 2 फरवरी 2016 .